नितेश तिवारी की फिल्म रामायण से नया गाना मंगल रंग रामायण के फैंस के बीच आ गया है। यह गाना रविवार 25 अक्टूबर को एक साथ पांच भाषाओं में रिलीज़ किया गया है, जिससे देश के अलग-अलग हिस्सों के दर्शक इसे अपनी भाषा में सुन सकेंगे। गाने में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता के रूप में नजर आ रहे हैं। संगीत एआर रहमान ने दिया है, जबकि हिंदी वर्जन अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने गाया है।
वीडियो में राम और सीता की शादी के दृश्य, महल के भव्य नज़ारे और वनवास के सफर की झलकियां दिखाई गई हैं। स्वयंवर का वह क्षण भी इसमें है, जब राम शिव धनुष उठाकर अपनी योग्यता साबित करते हैं। वहीं सुनहरी रोशनी, बड़े-बड़े महल और खूबसूरत लोकेशंस गाने को एक भव्य और भावुक एहसास देते हैं। दरअसल यह गाना सिर्फ एक गीत नहीं, बल्कि राम-सीता के प्रेम और समर्पण की कहानी को संगीत में पिरोने की कोशिश है।
मंगल रंग रामायण के पांचों भाषाओं के गायक कौन हैं
हिंदी वर्जन के बोल डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं और इसे अरिजीत सिंह व श्रेया घोषाल ने गाया है। तमिल वर्जन अभय जोधपुरकर और सैंधवी ने गाया है, जबकि तेलुगु वर्जन में राघव कौशिक और वैशाली सामंत की आवाज़ें हैं। कन्नड़ वर्जन अरमान मलिक और बेला शेंडे ने गाया है और मलयालम वर्जन नरेश अय्यर व अमृथा राजन ने। हालांकि हर भाषा में गायकों की आवाज़ अलग है, लेकिन धुन और भावना हर जगह एक जैसी रखी गई है, ताकि गाना हर दर्शक को अपना लगे।
एआर रहमान ने इस गाने के बारे में कहा कि रामायण पीढ़ियों से लोगों के दिलों में बसी कहानी है और इसका संगीत बनाना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। उनका कहना है कि राम और सीता के रिश्ते में एक पवित्रता और कोमलता है, जिसे वह इस धुन में समेटना चाहते थे। अरिजीत सिंह ने भी कहा कि इस धुन ने उन्हें शब्दों से परे एक ऐसी जगह पहुंचा दिया, जहां प्रेम अपने सबसे शुद्ध रूप में खिलता है। फैंस के बीच यह गाना रिलीज़ होते ही चर्चा में आ गया है और रामायण की रिलीज़ को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें: 40 साल बाद फैंस के बीच बैठकर फिल्म देखी! रजनीकांत की इस रात ने मचा दिया धमाल






