मुंबई में गुरुवार 22 अक्टूबर को आइफा 2027 की शानदार प्रेस कॉन्फ्रेंस और लॉन्च इवेंट का आयोजन हुआ। इस मौके पर सलमान खान, वरुण धवन, रश्मिका मंदाना, अली फजल, पंकज त्रिपाठी और अभिषेक बनर्जी समेत कई बड़े सितारे एक ही मंच पर नजर आए। हालांकि, इस सितारों से सजी शाम की सबसे बड़ी सुर्खी बनी दो पुराने दोस्तों की मुलाकात। रेड कार्पेट पर जो नजारा देखने को मिला, उसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया।
दरअसल, रेड कार्पेट पर करीना कपूर खान और शाहिद कपूर जब आमने-सामने आए, तो दोनों ने एक-दूसरे को गले लगा लिया। करीना ब्लैक आउटफिट और स्टाइलिश सनग्लासेस में बेहद खूबसूरत लग रही थीं, वहीं शाहिद क्लासिक व्हाइट सूट में डैपर अंदाज में नजर आए। दोनों के बीच हुई इस गर्मजोशी भरी मुलाकात का वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया। फैंस ने इसे दोनों के पुराने दिनों की याद ताजा करने वाला पल बताया।
गौरतलब है कि करीना और शाहिद 2000 के दशक में एक-दूसरे के साथ रिश्ते में थे और ‘फिदा’, ‘चुप चुप के’ जैसी फिल्मों में साथ नजर आए थे। हालांकि, ‘जब वी मेट’ की शूटिंग से ठीक पहले दोनों का रिश्ता टूट गया था। इसके बाद दोनों अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ गए। आज करीना सैफ अली खान की पत्नी और दो बेटों की मां हैं, जबकि शाहिद मीरा राजपूत के साथ खुशहाल पारिवारिक जीवन जी रहे हैं।
आइफा 2027: होस्टिंग जोड़ी और धमाकेदार परफॉर्मेंस का ऐलान
इवेंट में आइफा 2027 से जुड़े कई बड़े ऐलानों पर से भी पर्दा उठा। आयोजकों ने बताया कि इस बार का आइफा अवॉर्ड्स समारोह अबू धाबी में होगा, जो इस शहर में आइफा का चौथा शोकेस होगा। इसे अबू धाबी के डिपार्टमेंट ऑफ कल्चर एंड टूरिज्म और मीराल के साथ मिलकर आयोजित किया जा रहा है। इसके बाद होस्टिंग की जिम्मेदारी वरुण धवन और अनन्या पांडे को सौंपी गई, जिनके साथ करण जौहर और मनीष पॉल भी मंच संभालेंगे।
परफॉर्मेंस की बात करें तो सलमान खान, करीना कपूर खान और जान्हवी कपूर जैसे सितारे अपनी धमाकेदार प्रस्तुतियों से समारोह में चार चांद लगाएंगे। वहीं, रश्मिका मंदाना इस बार अपना आइफा डेब्यू करने जा रही हैं और लाइव परफॉर्म भी देंगी। इस इवेंट में सिनेमा के साथ-साथ डिजिटल एंटरटेनमेंट की उपलब्धियों का भी जश्न मनाया जाएगा। सलमान खान इन दिनों सुरक्षा कारणों से भी चर्चा में हैं। (स्रोत: ABP Live)






