टाइगर श्रॉफ पर 18 अक्टूबर को हुई गोलीबारी के बाद बॉलीवुड में हलचल तेज हो गई है। अब सामने आया है कि अक्षय कुमार के जुहू स्थित घर के बाहर बुलेटप्रूफ कांच की शील्ड लगाई जा रही है। हालांकि, सुरक्षा बढ़ाने का फैसला सिर्फ अक्षय तक सीमित नहीं है। जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं, जिनके बाद सलमान खान की सुरक्षा भी Y+ श्रेणी तक बढ़ा दी गई है।
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ हमलावरों का असली निशाना नहीं थे। सूत्रों के हवाले से कहा गया कि हमलावरों ने पहले सलमान खान के घर की रेकी की थी, लेकिन भारी सुरक्षा देखकर पीछे हट गए। इसके बाद टाइगर को उन्होंने ‘आसान निशाना’ माना। इसी के मद्देनजर सलमान को Y+ सुरक्षा दी गई है और गैलेक्सी अपार्टमेंट की बुलेटप्रूफ शील्ड भी अपग्रेड की जा रही है।
अक्षय कुमार के घर के बाहर बुलेटप्रूफ शील्ड, बढ़ी गश्त
रिपोर्ट्स के अनुसार, अक्षय कुमार के आवास के बाहर बुलेटप्रूफ कांच की शील्ड लगाने का काम चल रहा है। पुलिसकर्मियों की तैनाती भी उनके घर के बाहर बढ़ा दी गई है। इसके अलावा आमिर खान के बांद्रा और रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर भी पुलिस की गश्त तेज कर दी गई है। वहीं, सलमान खान को हाल ही में मुंबई के कालीना एयरपोर्ट से शहर से रवाना होते देखा गया।
गौरतलब है कि 18 अक्टूबर की शाम टाइगर श्रॉफ पर उस वक्त गोली चलाई गई थी, जब वे जुहू में फुटबॉल खेलकर लौट रहे थे। इस हमले में टाइगर को मामूली खरोंच आई, लेकिन ड्राइवर इब्राहिम फिरदौस घायल हो गए। गोली उनके लीवर में फंसी है और बुधवार को KEM अस्पताल में उनकी सर्जरी की गई। इस बीच टाइगर की मां आयशा श्रॉफ मंगलवार को अस्पताल पहुंचीं और घायल के परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
तीनों आरोपियों — फूल सिंह (18), ऋतिक महतो (22) और रेहान रहिसुद्दीन (18) — को मुंबई पुलिस ने राजस्थान के कोटा में पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से गिरफ्तार किया था। तीनों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। पुलिस की जांच जारी है और कई कलाकारों ने हमले की कड़ी निंदा की है। अक्षय कुमार से जुड़ी एक और बड़ी खबर यहां पढ़ें। (स्रोत: NDTV)






