बॉलीवुड एक्टर कार्तिक आर्यन के फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। दरअसल, कार्तिक आर्यन अब सिर्फ एक्टर नहीं रहेंगे, बल्कि उन्होंने प्रोड्यूसर के तौर पर भी अपनी नई पारी की शुरुआत कर दी है। उनकी अगली फिल्म लड़ाकू का ऐलान हो गया है, जिसमें वह डायरेक्टर कबीर खान के साथ दोबारा काम कर रहे हैं। हालांकि, इस फिल्म की सबसे खास बात इसका नाम नहीं, बल्कि वह कहानी है जिस पर यह फिल्म बन रही है।
कार्तिक आर्यन लड़ाकू: 18 जून 2027 को रिलीज़ होगी फिल्म
फिल्म के प्रोडक्शन हाउस बिरला स्टूडियोज़ ने ऐलान किया है कि लड़ाकू दुनियाभर के सिनेमाघरों में गुरुवार, 18 जून 2027 को रिलीज़ होगी। इस फिल्म को बिरला स्टूडियोज़, कबीर खान एंटरटेनमेंट और कार्तिक के अपने प्रोडक्शन हाउस डोपामाइन स्टूडियोज़ ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। वहीं, मेकर्स के मुताबिक यह फिल्म महत्वाकांक्षा, हिम्मत और उम्मीद की एक असाधारण सच्ची कहानी पर आधारित है। पूरी खबर यहां पढ़ें।
कार्तिक और कबीर खान की यह दूसरी फिल्म है, इससे पहले दोनों ने साल 2024 में आई फिल्म चंदू चैंपियन में साथ काम किया था, जो पैरा-एथलीट मुरलीकांत पेटकर की ज़िंदगी पर आधारित थी। दरअसल, कबीर खान सच्ची कहानियों को बड़े पर्दे पर उतारने के लिए जाने जाते हैं, और लड़ाकू भी उसी सिलसिले की अगली कड़ी मानी जा रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, लड़ाकू कश्मीर की युवा किकबॉक्सर तजमुल इस्लाम की ज़िंदगी से प्रेरित है, जो दो बार वर्ल्ड किकबॉक्सिंग चैंपियन रह चुकी हैं। कहा जा रहा है कि कार्तिक फिल्म में उनके कोच की भूमिका निभाएंगे, हालांकि मेकर्स ने अभी तक कहानी की पूरी डिटेल्स को गुप्त रखा है।
गौरतलब है कि साल 2026 में कार्तिक की कोई फिल्म रिलीज़ नहीं हो रही है, लेकिन 2027 की पहली छमाही में उनकी तीन फिल्में आएंगी। फरवरी में नागज़िला, फिर अनुराग बसु की लव स्टोरी और जून में लड़ाकू रिलीज़ होगी। ऐसे में 2027 कार्तिक के करियर का एक बड़ा साल साबित हो सकता है।
लड़ाकू के ऐलान के बाद से ही सोशल मीडिया पर फैंस की एक्साइटमेंट देखने को मिल रही है। कई फैंस का मानना है कि चंदू चैंपियन की तरह यह फिल्म भी दिल छू लेने वाली होगी, जबकि कुछ का कहना है कि प्रोड्यूसर के तौर पर कार्तिक का यह नया अवतार उनके करियर को एक नई दिशा देगा। बॉलीवुड की और बड़ी खबरों के लिए मुन्ना भाई 3 की शूटिंग से जुड़ी यह बड़ी खबर भी पढ़ें।






