दिवाली बॉक्स ऑफिस 2026 की कहानी इस बार बदली हुई नजर आ रही है। लगातार दूसरे साल हिंदी सिनेमा ने त्योहारों की सबसे बड़ी कमाई वाली खिड़की से अपनी फिल्मों को दूर रखने का फैसला किया है। यानी इस बार भी दो बड़ी फिल्मों के बीच सीधी टक्कर देखने को नहीं मिलेगी। दरअसल, प्रोड्यूसर अब भिड़ंत की बजाय लंबी और सुरक्षित कमाई वाली रणनीति पर खेलना चाहते हैं।
इस बार दिवाली वीकेंड में मैदान में सिर्फ एक बड़ी हिंदी फिल्म उतरेगी — रणबीर कपूर और यश की ‘रामायण: पार्ट 1’। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी यह दो हिस्सों वाली मेगाबजट फिल्म 5 नवंबर 2026, गुरुवार को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। खास बात यह है कि इस साल दिवाली 8 नवंबर को मनाई जा रही है। ऐसे में मेकर्स ने दिवाली से ठीक पहले रिलीज करके पूरे फेस्टिव सीजन की कमाई समेटने की चाल चली है।
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत में फिल्म के 4 नवंबर, बुधवार को पेड प्रीव्यू रखे जाने की संभावना भी है। नवरात्रि के पहले दिन मेकर्स ने फिल्म का नया एनसेंबल पोस्टर जारी किया था। इस पोस्टर में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, रवि दुबे लक्ष्मण और यश रावण के भव्य अवतार में दिखे। इसके बाद से फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है।
दिवाली बॉक्स ऑफिस 2026: सिर्फ ‘रामायण’ पर क्यों टिका दांव?
ट्रेड एक्सपर्ट्स के मुताबिक दिवाली की रिलीज खिड़की पूरे साल की कमाई का करीब 14-15 फीसदी हिस्सा देती है। इसके बावजूद प्रोड्यूसर अब एक ही वीकेंड पर कई बड़ी फिल्में उतारने से परहेज कर रहे हैं। फिल्म ट्रेड एनालिस्ट कोमल नहटा का मानना है कि ज्यादा फिल्मों की आपसी टक्कर से कमाई बंट जाती है। वहीं, उनके मुताबिक रिलीज की खिड़की जितनी चौड़ी होगी, कमाई का संभावित दायरा उतना ही बड़ा होगा।
यही वजह है कि मेकर्स अब नवंबर और दिसंबर के अलग-अलग हफ्तों में फिल्में लगाने की नई रणनीति अपना रहे हैं। एक-दूसरे से भिड़ने की बजाय हर फिल्म को खुला मैदान दिया जा रहा है। हाल ही में रजनीकांत की ‘जेलर 2‘ ने महज चार दिन में 400 करोड़ के क्लब में एंट्री करके बड़ा बॉक्स-ऑफिस धमाका किया था। वहीं, ‘रामायण’ के लिए Pinkvilla Predicts की ट्रेड ट्रैकिंग के मुताबिक पहले दिन 65 से 75 करोड़ रुपये नेट कमाई का अनुमान लगाया गया है।
विदेशी बाजारों में भी फिल्म की एडवांस बुकिंग तेजी से बढ़ रही है। ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार ओवरसीज प्री-सेल्स में फिल्म सात लाख डॉलर का आंकड़ा पार कर चुकी है। रणबीर, साई पल्लवी और यश के अलावा सनी देओल हनुमान के किरदार में नजर आएंगे। अब देखना यह है कि दिवाली के इस खुले मैदान में ‘रामायण’ कितना बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करती है।






